फरार पूर्व बीआरसीसी सियाराम भारती की संपत्ति होगी कुर्क,कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से कार्रवाई के लिये मांगी है अनुमति

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। फरार चल रहे शिक्षा विकास खंड चितरंगी के पूर्व बीआरसीसी सियाराम भारती की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर सियाराम भारती की संपत्ति कुर्क करने की अनुमति मांगी है। कोतवाली प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि शासकीय पुस्तकें बेचने के मामले में संबंधित तीन लोगों के विरूद्ध शिक्षा विभाग द्वारा प्रकरण दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया था। जिसके आधार पर सियाराम भारती के अलावा पिपरवान प्रधानाध्यापक रामेश्वर जायसवाल व ब्लॉक पुस्तक प्रभारी शिव कुमार मिश्रा को आरोपी बनाया गया था। तीनो के विरूद्ध बीएनएस की धारा-316 (4), 316 (5) व 3/5 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस ने दो आरोपियों रामेश्वर जायसवाल व शिव कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। लेकिन पूर्व बीआरसीसी सियाराम भारती तभी से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास करने के साथ ही न्यायालय में उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। न्यायालय से आदेश मिलते ही सम्पत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा। बताया जाता है कि पुलिस सियाराम भारती के पुश्तैनी गांव बरहट में संपत्ति का ब्योरा जुटा चुकी है। अब देवसर में उनकी संपत्ति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कबाड़ी भी बनेगा आरोपी—
शासकीय पुस्तकें खरीदने के मामले में कबाड़ी का भी नाम सामने आया था, लेकिन वह वाहन छोडकर फरार हो गया था। पुलिस ने शासकीय पुस्तकों से लदे दोनो वाहनों को जब्त कर लिया था। अब पुलिस कबाड़ी को भी आरोपी बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस सियाराम भारती के गिरफ्तार होने का इंतजार कर रही है ताकि उनसे पूछताछ के उपरांत कबाड़ी की संलिप्तता के बारे में सबूत एकत्र किये जा सकें। गौरतलब है कि फरार सियाराम भारती पर पुलिस अधीक्षक ने इनाम भी घोषित कर रखा है।