
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। जिले के जियावन थानाक्षेत्र अंतर्गत कटौली गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय सन्नाटा पसर गया, जब एक नवयुवक का शव घर से कुछ दूर जंगल में एक पेड़ से झूलता मिला। मिली जानकारी के मुताबिक कटौली गांव निवासी प्रिंस द्विवेदी पिता स्व. विशेश्वर द्विवेदी शुक्रवार की सुबह 7 बजे घर से निकला है। जिसके बाद 10 बजे के करीबन फांसी के फंदे से झूलने की सूचना परिजनों को मिली। गौरतलब हो कि मृतक प्रिंस के पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। बिन बाप के बेटे को असहाय समझकर पारिवारिक लोग अक्सर मारपीट किया करते थे। मृतक की मां और बहन ने आरोप लगाए हैं कि परिवार के ही राजेश द्विवेदी और अनीस द्विवेदी पिता कमलेश द्विवेदी निवासी ग्राम कटौली के द्वारा दिनांक 06/08/2025 की सायं 4 बजे के करीबन पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट किया गया था। उक्त दोनों के द्वारा अक्सर मारपीट और प्रताड़ित किया जाता रहा है। जिसकी कई बार पूर्व में थाना जियावन में शिकायत भी की गई थी परन्तु कोई कार्यवाही नहीं होने के कारण मनबढ़ बार बार मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। जिससे क्षुब्ध होकर मृतक फांसी के फंदे से झूल गया। मृतक की बहन ने लिखित शिकायत जियावन पुलिस को देते हुए जल्द से जल्द न्यायोचित कार्यवाही की गुहार लगाई है। बहरहाल जियावन पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।।



