मनगवां में नव विवाहिता का फांसी के फंदे पर लटकता मिला शव,सुसाइड नोट में लिखा मेरी मौत के जिम्मेदार ससुराल वाले
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, पति समेत चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता का शव घर पर ही फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मौत का जिम्मेदार ससुराल वालों को ठहराया गया है। मामले में पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं शव पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मनगवां निवासी पूजा मिश्रा पत्नी रजनीश मिश्रा का शव गुरुवार को फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगाया गया था। साथ ही मौत का जिम्मेदार पति समेत अन्य लोगों को बताया गया। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त करते हुये शव पोस्टमार्टम के लिये मर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुये चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पेड़ पर लटकता मिला युवक, मौत—
शिवपुरवा चौकी क्षेत्र में एक युवक घर के बाहर स्थित पेड़ में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने जब देखा तो उसकी सांस चल रही थी। लिहाजा आनन-फानन में उसे उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान नागेन्द्र बंशल के रूप में की गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने हुआ पंचनामा—
पूजा का विवाह करीब चार साल पहले हुआ था। ऐसे में जानकारी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट समेत पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मनगवां को दी गई। अधिकारियों के पहुंचने पर शव का पंचनामा किया गया। मायके पक्ष के लोगों का बयान दर्ज किया गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
इनको किया गया गिरफ्तार—
पुलिस ने इस मामले में सुसाइड नोट को आधार बनाते हुये पति रजनीश मिश्रा पुत्र संगीता प्रसाद मिश्रा 32 वर्ष, सास गीता मिश्रा 70 वर्ष, जेठ राजीव उर्फ ललई मिश्रा एवं सावित्री तिवारी पत्नी राजमणि तिवारी निवासी कंचनपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 80, 85, 3 (5) बीएनएस एवं 3/4 दहेज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इनका कहना है—
मनगवां में रहने वाली एक नवविवाहिता के फांसी पर लटकने से मौत की जानकारी सामने आई है। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसके आधार पर पति समेत चार लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
कृपाशंकर द्विवेदी, एसडीओपी मनगवां