
बैंगलोर।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बेंगलुरु पहुंच गए हैं। उन्होंने बेंगलुरु के क्रांतिवीर सांगोली रायन्ना रेलवे स्टेशन से एकसाथ तीन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। उन्होंने बेंगलुरु और कर्नाटक के बेलगावी के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री वंदे भारत ट्रेन में सवार हुए और छात्रों व बच्चों से बातचीत की। इसके साथ उन्होंने अमृतसर-माता वैष्णो देवी कटरा के बीच और नागपुर (अजनी) पुणे के बीच चलने चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। बेलगावी तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन बेंगलुरु के आठ जिलों को कवर करेगी। यह सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह कर्नाटक की 11वीं वंदे भारत ट्रेन है। इसके साथ पीएम मोदी ने आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा मेट्रो स्टेशन तक येलो लाइन रूट का भी उद्घाटन किया। इसकी लंबाई 19 किलोमीटर से अधिक है और इसमें 16 स्टेशन हैं। इसके बाद पीएम मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी स्थित आईआईआईटी ऑडिटोरियम में मेट्रो चरण 3 परियोजना की आधारशिला भी रखी।
क्या बोले सांसद तेजस्वी सूर्या—?
भाजपा राष्ट्रीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष और बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री शहर के लोगों को दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं समर्पित कर रहे हैं। सूर्या ने कहा कि वह मेट्रो के तीसरे चरण की आधारशिला रख रहे हैं। सेवाएं शुरू होने के बाद, लगभग 10 लाख लोग प्रतिदिन मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे। इसी प्रकार, येलो लाइन मेट्रो का आज उद्घाटन होने के बाद बेंगलुरु दक्षिण क्षेत्र के 18 लाख लोगों को फायदा होगा।
पीएम मोदी ने तय की थी उद्घाटन की तारीख—
सूर्या ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेंगलुरु में येलो लाइन मेट्रो परियोजना का उद्घाटन करने का अनुरोध किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के उद्घाटन में और देरी स्वीकार्य नहीं है क्योंकि मेट्रो सेवाएं यातायात की भीड़ से जूझ रहे बेंगलुरु के लोगों को राहत प्रदान करेंगी। उन्होंने उद्घाटन की तारीख केवल सात से आठ दिनों के भीतर तय कर दी। प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। वह अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर-पुणे के बीच ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे।