
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। जिसमें जिले के चार छात्रों ने अपने गांव के साथ जिले का नाम रोशन किया है। बताया गया है कि शहर के अमहिया स्थित ऑटो चालक की पुत्री आयशा अंसारी ने तीसरी बार एमपी पीएससी में सफलता हासिल कर डिप्टी कलेक्टर बनी हैं। वहीं जिले के ग्राम शिवपुर निवासी नारायण सिंह परिहार जो अजाक थाना सीधी में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं उनकी दोनों बेटियों ने एमपी पीएससी में सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह परिहार की बेटी आरती सिंह परिहार एवं पूजा सिंह परिहार ने एक साथ राज्य सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने मां-बाप का मान बढ़ाया है। आरती सिंह परिहार का चयन सहायक संचालक स्कूल शिक्षा विभाग एवं पूजा सिंह परिहार का चयन वाणिज्य कर निरीक्षक के पद पर हुआ है। यहां पर बता दें कि आरती सिंह के पति कमर्जी थाना में पदस्थ हैं। वहीं जिले के मनिकवार निवासी गणेश प्रसाद पाठक, माता उर्मिला पाठक जो पेशे से शिक्षक हैं उनके पुत्र पूर्णेन्द पाठक ने एमपी पीएससी में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। उनका चयन उप पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता पर इनके ईष्ट मित्रों सहित परिजनों ने हर्ष व्यक्त किया है।
दूसरी बार भी सुधीर ने मारी बाजी—
पीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों में बैकुण्ठपुर से सुधीर कुमार दिनकर का भी नाम शामिल है। उनका चयन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में विकासखण्ड अधिकारी के पद पर हुआ है। यह दूसरी मर्तबा है जब सुधीर ने पीएससी की परीक्षा पास की है। इसके पहले उनका चयन पीएससी 2019 में आबकारी उप निरीक्षक के लिए हुआ था। सुधीर कुमार बैकुण्ठपुर के वार्ड 14 निवासी हैं। उनके पिता का नाम दिनेश प्रसाद साकेत है। सुधीर कुमार के पीएससी में चयन के बाद परिजनों व गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।