लकड़ी बीनने जंगल में गये तीन लोगों पर भालू ने किया हमला, एक की मौत, दो घायल
लंघाडोल थाने के लल्लाबहरा गांव के नाले में हुई घटना, वन अमला मौके पर पहुंचा

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। शुक्रवार की शाम तकरीबन 3.30 बजे लंघाडोल थाने के लल्लाबहरा गांव के गिधवा पहाड़ी के नाले में एक भालू ने तीन लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें एक व्यक्ति की कुछ देर बाद मौत हो गयी और दो अन्य घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल वैढ़न लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार कराया गया। उसके उपरांत उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीनों व्यक्ति गांव के पास जंगल में जलाऊ लकड़ियां लेने के लिए गये हुए थे। जहां पर उनका भालू से आमना-सामना हो गया। भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू ने पहला हमला राम सिंह पिता सूर्य नारायण सिंह उम्र 26 वर्ष पर किया। वह गांव लल्लाबहरा थाना लंघाडोल का रहने वाला था। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि भालू के हमले से राम सिंह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। काफी देर के संघर्ष के बाद संभवतः अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना और मौत के कारणों को लेकर वन व पुलिस अमले की टीम जांच पड़ताल कर रही है। जिसके बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ पायेगी।
शव को वन अमले ने पहुंचाया घर —
वन अमले ने मृतक राम सिंह के शव को उसके घर पहुंचाया है। पुलिस टीम ने पंचनामा कराकर शव सुरक्षित करा दिया है। शनिवार को शव का अंत्यपरीक्षण कराया जायेगा। वन अमले ने वन मंडल अधिकारी के निर्देश पर फौरी तौर पर तात्कालिक सहायता के रूप में परिवारीजनों को 5 हजार रूपये की नगद राशि देकर ढांढस बंधाया है। पीएम व अन्य कार्रवाई उपरांत लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत मृतक के परिजनों को 8 लाख रूपये दिलाए जायेंगे। मृतक की पत्नी पार्वती सिंह व परिजनों से वन अमले ने गहरा दुख प्रकट किया और यथासंभव मदद करने का भरोसा दिया है।
देर रात तक डटा रहा वन अमला—
भालू के हमले में मृत राम सिंह के घर वन अमले से एसडीओ एनके त्रिपाठी, वन परिक्षेत्राधिकारी हर्षित मिश्रा, कमलेश्वर सहाय, कुंडेश्वर सिंह, बीट गार्ड प्रदीप सिंह, जयप्रकाश पनिका, अंजनी पनिका, पवन वर्मा व लंघाडोल थाने के पुलिसकर्मी देर रात तक मृतक के घर डटे रहे। पत्नी व परिजनों को ढांढस बंधाया और नियमानुसार हरसंभव मदद का भरोसा दिया। आज मृतक का पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
सुरेन्द्र व रामप्रकाश हुए घायल—
भालू के हमले में लल्लाबहरा गांव के सुरेन्द्र सिंह पिता भोला सिंह उम्र 36 वर्ष को भालू ने दाहिने हाथ में काटा है और राम प्रकाश सिंह पिता सूर्यनारायण सिंह उम्र 24 निवासी लल्लाबहरा को बाएं पैर में काटकर घायल कर दिया है। हालांकि इन दोनों को उपचार के उपरांत घर वापस भेज दिया गया है। दोनों का उपचार वन अमले द्वारा कराया जा रहा है।
चार माह में आधा दर्जन बने शिकार—
स्थानीय लोगों ने बताया कि जून महीने में भी भालू ने 2 लोगों को काटा था। जिसके बाद 15 पूर्व में भी एक ग्रामीण को काट लिया था। जिसके बाद आज भी तीन लोगों पर भालू ने हमला किया। जिसमें एक की मौत हो गयी है। बताया जाता है कि ये भालू छत्तीसगढ़ से लगे जंगलों से आते हैं और जंगल में किसी भी व्यक्ति की आहट पाकर हमला कर देते हैं।