केंद्रीय जेल जबलपुर से 14 खूंखार कैदी फरार, पुलिस की तलाश अब भी जारी

ऑपरेशन टाईम्स जबलपुर।। जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल से पैरोल पर रिहा हुए 14 खूंखार कैदी कई वर्षों से फरार हैं। ये कैदी हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के दोषी हैं। बीते 28 वर्षों में पैरोल जंप करते हुए कुल 49 कैदी फरार हुए थे। जिनमें से 35 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन 14 कैदी अब भी लापता हैं। इनमें से कुछ कैदी ऐसे हैं जो 25 वर्षों से फरार हैं और ज्यादातर कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। कैदियों को जेल से बाहर निकलने के लिए पैरोल की प्रक्रिया के तहत आवेदन देना होता है। जिसे जेल प्रशासन कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भेजता है। उनकी अनुमति मिलने के बाद कैदी को पैरोल पर रिहा किया जाता है। पैरोल के दौरान कैदी को पुलिस थाने में नियमित रूप से हाजिरी देनी होती है। हालांकि इन कैदियों ने पैरोल के नियमों का उल्लंघन करते हुए फरारी का रास्ता चुन लिया। जेल प्रशासन और पुलिस इन कैदियों की तलाश में जुटे हुए हैं लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है। जेलर मदन कमलेश ने बताया कि पैरोल की प्रक्रिया सख्ती से लागू की जाती है लेकिन फरार कैदियों को पकड़ पाना अब भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। फरारी के इन मामलों ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।