
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। सिंगरौली जिले के बरगवां में स्थित मध्य रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण बहुत ही धीमी गति से हो रहा है। राज्य शासन ने 13 अक्टूबर 2022 को 35.07 करोड़ रुपए की लागत से इस पुल के निर्माण की स्वीकृति दी थी। निर्माण कार्य 22 जून 2023 से शुरू हुआ था। इसे 24 महीने में पूरा किया जाना था। लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी केवल 50 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। निर्माण काम की धीमी गति का असर लोगों पर पड़ रहा है। जिला मुख्यालय बैढ़न और देवसर-सीधी की तरफ जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे बरगवां बाजार कीचड़ में तब्दील हो जाता है। दुकानदारों को अपनी दुकानें लगाने के लिए साफ जगह नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में स्थानीय व्यापारी राजेश गुप्ता ने कहा कि फिसलन भरी सड़कों पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ की समस्या से बचने के लिए लोग जरूरी काम होने पर ही बाजार आ रहे हैं। जिससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बरगवां में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी से हमें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आप नेता रतीभान साकेत ने कहा कि पुल निर्माण से जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद थी लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कार्यपालन यांत्रिक लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एसबी सिंह से मामले पर जब बात की गई, तो उन्होंने कहा कि हाल ही में सिंगरौली में ज्वाइन किया है। वह इस मामले की जानकारी लेगें कि निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है और विभाग ने पहले क्या प्रयास किए हैं।।