
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। सरई थाना क्षेत्र के बरका चौकी अंतर्गत महुली गांव में एक भतीजे ने जादू टोने के शक में अपनी चाची की गला दबाकर हत्या कर दिया। आरोपी गोविंद सिंह को शक था कि उसकी चाची मानवती सिंह जादू-टोना करती है। जिसके कारण उसे संतान नहीं हो रही है। बरका चौकी प्रभारी नृपेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर महिला का शव घर के बाहर अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरई सामुदायिक केंद्र भेजा गया है। टीआई ने बताया कि जांच में पता चला है कि गोविंद सिंह की शादी को 10 साल से अधिक समय हो गया था लेकिन उसे कोई संतान नहीं हुई। उसे लंबे समय से शक था कि उसकी चाची के जादू-टोने के कारण ही उसे बच्चे नहीं हो रहे हैं। एक महीने पहले गोविंद के छोटे भाई अजय की सांप काटने से मौत हो गई थी। इस घटना को भी आरोपी ने अपनी चाची से जोड़ लिया था। इन्हीं कारणों से उसके मन में गुस्सा था। जिसके चलते उसने हत्या की। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस ने कई टीमें बनाकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।।