सीधी गैंगरेप के चारों आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी दो महीने पहले ही जेल से हुआ था रिहा
गैंगरेप पीड़िता बोली-मैं गिड़गिड़ाती रही, दरिंदों ने एक न सुनी

ऑपरेशन टाईम्स सीधी।। सीधी में 5 अगस्त को 20 साल की दलित युवती से गैंगरेप करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपियों को मंगलवार जबकि चौथे को बुधवार देर रात पकड़ा गया। आरोपियों ने पहले युवती के प्रेमी के सिर पर डंडा मारा। फिर दोनों को जंगल में घसीट ले गए। डेढ़ घंटे तक प्रेमी के सामने ही युवती के साथ दरिंदगी की थी।
ये चारों आरोपी पकड़ाए—
(1) लोले यादव उम्र 21 वर्ष निवासी बढ़ौरा। पिता की दुकान में हाथ बंटाता है। दो भाई हैं।
(2) कृष्ण मुरारी रावत उम्र 31 वर्ष निवासी कठउतहा। पेशे से ट्रक ड्राइवर। पांच भाइयों में तीसरे नंबर का है।
(3) विकास रावत उम्र 27 वर्ष निवासी कठाउतहा। पेशे से ड्राइवर। दो भाइयों में बड़ा है।
(4) धीरेश विश्वकर्मा उम्र 27 वर्ष निवासी चुल्हि। पेशे से ड्राइवर है। छह भाइयों में सबसे छोटा।
सीने पर लिखे ‘निर्मल’ से हुई पहचान—
एसपी रविंद्र वर्मा ने बताया कि चारों आरोपी आपस में दोस्त हैं। 10वीं तक पढ़े हैं। धीरेश विश्वकर्मा के खिलाफ सेमरिया थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। वह 18 महीने तक सीधी जेल में बंद था। दो महीने पहले ही छूटकर आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोले यादव के सीने पर ‘निर्मल’ लिखा था। इसकी वजह से उसकी पहचान हो पाई। पुलिस ने सबसे पहले उसी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सीने और चेहरे पर खरोंच के निशान—
सीधी से करीब 30 किलोमीटर दूर बढ़ौरा शिवमंदिर है। मंदिर से एक किलोमीटर दूर बरिगवां गांव है। पूरा गांव जंगल से घिरा है। करीब 500 मीटर दूर सामुदायिक भवन भी बन रहा है। इसे सरपंच पति दलवीर ही बनवा रहे हैं। वारदात वाले दिन दलवीर के साथ कुछ मजदूर भी यहां काम कर रहे थे। वारदात के बाद युवक और युवती जैसे-तैसे जंगल से बाहर आए। उन्हें सबसे पहले दलवीर ही मिले थे।
दलवीर ने बताया—
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे थे। हम अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान युवक-युवती हांफते हुए आए। युवती के चेहरे और सीने पर नाखून की खरोंच के निशान थे। बाल बिखरे थे। दोनों पसीने में तर थे। उनकी हालत खराब थी। युवक के सिर से खून निकल रहा था। दोनों ने जो बताया उसे सुनकर मैं भी घबरा गया। मैंने पूछा कि मदद के लिए आवाज क्यों नहीं लगाई तो वे बोले हम डर गए थे। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी।
डेढ़ घंटे तक करते रहे दरिंदगी—
दलवीर को पीड़िता ने बताया मैं और मेरा दोस्त बढ़ौरा के शिव मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे। रास्ते में सोचा कि कुछ देर जंगल किनारे बैठकर फोटो ले लें। उस वक्त दोपहर के करीब 1 बजे थे। दोनों जंगल की तरफ बढ़ ही रहे थे कि पीछे से कुछ बदमाशों ने युवक के सिर पर डंडा मार दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। तीन लड़कों ने मुझे उठाया और ऊंचाई की तरफ ले गए। यहां करीब 70 मीटर दूर बांस के पेड़ के पीछे झाड़ियों में ले गए। बाकी दो लड़के दोस्त को पकड़े रहे। कुछ देर बाद दोनों लड़के दोस्त को खींचकर लेकर आए। इसके बाद मेरे साथ हैवानियत शुरू कर दी। मैंने खुद को बचाने के लिए पास ही पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर अपने सिर पर मारने की कोशिश की लेकिन आरोपियों पर असर नहीं हुआ। मैं गिड़गिड़ाती रही। रोती रही। छोड़ने के लिए भीख मांगती रही लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। बारी-बारी से चार लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक दरिंदगी की।
24 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार—
सीधी एसपी रविंद्र वर्मा ने कहा मामला संज्ञान में आते ही तत्काल केस दर्ज कर लिया गया। पांच अलग-अलग टीम एसडीओपी के नेतृत्व में गठित की गईं। सर्चिंग के दौरान 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए थे। मामले को चिह्नित करके आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। इस मामले में तत्परता दिखाने वाली टीम को इनाम दिया जाएगा।।
डॉ. रविन्द्र वर्मा SP सीधी