उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने युवा दिवस पर किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम
स्वस्थ समाज से आर्थिक संपन्न भारत का निर्माण - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता विद्यार्थी भी शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ्य समाज आर्थिक संपन्न भारत के निर्माण में सहायक है। हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी। श्री शुक्ल ने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें। उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने बहुत कम उम्र में ऐसी ख्याति प्राप्त की जिससे दुनिया में उनका नाम हुआ। स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी साकर हो रही है कि भारत विश्वगुरू बनेगा। 21वीं सदी में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व गुरू बनने के करीब पहुंच चुका है। हमारा देश आर्थिक महाशक्ति के तौर पर उभरा है।