गोली कांड का खुलासाः घायल ने खुद पर किया था फायर
मामा द्वारा पुस्तैनी जमीन बेचने से था नाराज, खरीददारों को फंसाने रची थी साजिश

ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। दीवाली की शाम बिछिया थाना क्षेत्र के जनार्दन कॉलोनी में हुये गोलीकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। घायल युवक ने जमीन खरीददारों को फंसाने के लिये खुद पर फायर किया था। गोलीकांड की गुत्थी सुलझने के बाद पुलिस आगे की विवेचना में जुट गई। उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर की शाम बिछिया थानाक्षेत्र के जनार्दन कॉलोनी के पास छतरपुर निवासी अनिल सिंह पुत्र सतेन्द्र सिंह गोली लगने से घायल हो गया था। घायल ने कार सवार तीन लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। लिहाजा पुलिस ने घटनाक्रम का बारीकी से जांच करते हुये संदेहियों की तलाश शुरू कर दिया था। इसी बीच जिन लोगों पर आरोप था वे स्वयं थाना पहुंच गये थे और खुद को निर्दोष बताया था। ऐसे में पुलिस ने अपनी तहकीकात का दायरा बढ़ाया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीव्ही कैमरा समेत संदेहियों की लोकेशन को ट्रेस किया। जिससे पता चला कि घटना के वक्त संदेही वहां पर थे ही नहीं। ऐसे में पुलिस घटनाक्रम को लेकर उलझ गई थी। क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। इसके बाद घायल से गहन पूछताछ किया। जिसमें सामने आया कि युवक ने खुद पर फायर किया था। जांच में सामने आया कि घायल के मामा ने पुस्तैनी भूमि को बेच दिया था। जिससे नाराज होकर और खरीददारों को फंसाने के लिये घायल ने यह साजिश रची थी।