आग से झुलसे पुलिसकर्मी की इलाज के दौरान हुई मौत

ऑपरेशन टाईम्स सतना।। आग से गंभीर रूप से झुलसे पुलिस कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत पुलिस कर्मी का पार्थिव शरीर शनिवार को गृह ग्राम लाया जाएगा। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामानुज शर्मा 11 दिसम्बर की शाम 6 बजे के करीब घर की रसोई में काम कर रहा था। खाना बनाने के दौरान गैस लीकेज होने के कारण रसोई के अंदर आग भड़क गई। जिसकी वजह से प्रधान आरक्षक रामानुज गंभीर रूप से झुलस गया। घायल पुलिस कर्मी को इलाज के लिए बिरला अस्पताल ले जाया गया। तबियत गंभीर होने पर पुलिस कर्मी को जबलपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि कई दिनों तक चले इलाज के बाद तबियत में सुधार न होने पर परिजन भिलाई ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मृत प्रधान आरक्षक को पिता के असामयिक निधन के बाद पुलिस विभाग में अनुकम्पा नियुक्ति मिली थी। मृतक का गृह ग्राम रहिकवारा में है। मृत पुलिस कर्मी का पार्थिक शरीर शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए गृह ग्राम ले जाया जाएगा। प्रधान आरक्षक के असामयिक निधन पर जिला पुलिस बल के अधिकारी और कर्मचारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की हैं।