करोड़पति निकला MP का रोजगार सहायक, विदेश यात्रा से लोकायुक्त के रडार पर आया, रेड में क्या मिला?

ऑपरेशन टाईम्स मुरैना।। मध्यप्रदेश के सरकारी अधिकारी और कर्मचारी सावधान हो जाएं। घूमने के लिए विदेश की यात्रा करना महंगा पड़ सकता है। सौरभ शर्मा प्रकरण के बाद लोकायुक्त की तिरछी नजर है। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारी को विदेश यात्रा का फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस की तिरछी नजर रोजगार सहायक राम अवतार धाकड़ पर पड़ गई। बता दें कि मुरैना में राम अवतार धाकड़ रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने मलेशिया की यात्रा का फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। सौरभ शर्मा प्रकरण के बाद विदेश यात्रा करने वाले सरकारी कर्मचारी जांच एजेंसी की रडार पर हैं।लोकायुक्त पुलिस ने राम अवतार धाकड़ के ठिकानों पर छापा मारकर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी, बोलेरो, ट्रैक्टर, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मकान, कैश, देशी पिस्टल, सोने-चांदी का जेवर मिला है। देशी पिस्टल मिलने पर राम अवतार धाकड़ के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद ने बताया कि रोजगार सहायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। दबिश के दौरान 2 लाख कैश और दस्तावेज बरामद किए गए। दस्तावेज का मूल्यांकन करने पर डेढ़ करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति का खुलासा हुआ।।