
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। पुलिस विभाग के मुखिया डीजीपी कैलाश मकवाना के एक आदेश ने जिले के पुलिस अधिकारियों की नींदें हराम कर दिया है। जारी आदेश में एसआई, निरीक्षक और डीएसपी स्तर के ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है जो जिले में पिछले दस साल से पदस्थ हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जबसे आदेश जारी हुआ है। तभी से कई पुलिस अधिकारी खुद अपनी पदस्थापना की गणना कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जिले में कुछ उप निरीक्षक, निरीक्षक ऐसे हैं। जिनकी पदस्थापना दस साल से अधिक समय से है। हालांकि कई ऐसे हैं। जो बीच में एक-दो साल के लिए दूसरे जिले में जरुर गये लेकिन फिर से वापस जिले में आ गये हैं। मुख्यालय द्वारा जो आदेश जारी किया गया है। उस आदेश में भी विरोधाभास है क्योंकि आदेश में यह स्प्ष्ट नहीं किया गया है कि जिला बल के लोग दस साल की पदस्थापना के दायरे में आयेंगे या फिर कार्यालय में पदस्थ पुलिस अधिकारी ही आयेंगे। दस साल से पदस्थ पुलिस अधिकारियों की पूरी जानकारी मुख्यालय भेजने के लिए एक प्रोफार्मा भी जारी किया गया है। उसी प्रोफार्मा में प्रत्येक पुलिस अधिकारी की जानकारी भरकर भेजनी है।