
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। जिले के पश्चिम सरई वन परिक्षेत्र के बेलगांव गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है।जहां लकड़ी लेने जंगल गई एक 9 वर्षीय बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची ने उपचार मिलने के पहले ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार सिंगरौली जिले के सरई तहसील के बेलगांव निवासी ज्वाला प्रसाद जायसवाल की पत्नी आरती जायसवाल अपनी 9 वर्षीय बेटी रोशनी जायसवाल के साथ कनवार और लाघिंया के जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। करीब 5 बजे जब आरती लकड़ी काट रही थीं। तभी पास में बैठी रोशनी पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले से बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई और तेंदुआ उसे घसीटकर जंगल में ले जाने लगा। महिलाओं के चिल्लाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। घटना से घबराई मां निकटवर्ती घर में भागते हुए पहुंची और वहां के लोगों को सूचना दी। ग्रामीण तत्काल बाइक लेकर मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को घर ले जाने लगे। किंतु रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस तेंदुए को पकड़ने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं ना हो सके।।