खाटू श्याम से लौट रहे MP के श्रद्धालुओं पर राजस्थान में फायरिंग, NH 21 में दनादन बरसाई गोलियां, 1 को बुलेट लगी

ऑपरेशन टाईम्स जबलपुर/जयपुर।। खाटू श्याम से लौट रहे मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं पर राजस्थान में फायरिंग हुई है। नेशनल हाइवे 21 में बदमाशों ने कार सवार युवकों पर दनादन गोलियां बरसाई। इस घटना में एक युवक के कंधे में बुलेट लगी है। जिसके बाद लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खाटू श्याम के दर्शन करने जबलपुर से राजस्थान गए थे युवक—
दरअसल जबलपुर रांझी के निवासी 4 युवक खाटू श्याम के दर्शन करने राजस्थान गए थे। सभी वापस आ रहे थे। इसी दौरान जयपुर में 4 किलोमीटर दूर से ब्लैक कार उनका पीछा करने लगी। बदमाशों ने नेशनल हाइवे में उनकी गाड़ी रोक दी और दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
युवक को कंधे में लगी गोली—
फायरिंग में अनुराग दुबे नामक शख्स के कंधे में गोली लगी है। जिसके बाद उसे लहूलुहान हालत में महुवा जिला अस्पताल में एडमिट किया गया है। युवक की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने मरीज को जयपुर रेफर कर दिया है।
जांच में जुटी पुलिस—
फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हमले की वजह अब तक सामने नहीं आई है। आशंका है कि लूट की मंशा से बदमाशों ने फायरिंग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है।