
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। जिला पंचायत की उपाध्यक्ष अर्चना नागेंद्र सिंह को पंचायती राज में बेहतर काम करने के लिए दिल्ली में केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पुरस्कृत किया गया है। मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय पंचायत मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने उन्हें पुरस्कृत किया। यह पुरस्कार पंचायती राज व्यवस्था में बेहतर काम करने वाली 16 पंचायत नेत्रियों को दिया गया है। यह सम्मान पाने वाली अर्चना सिंह मध्यप्रदेश से पहली महिला नेत्री हैं। केंद्रीय पंचायत राज मंत्रालय द्वारा देशभर की महिला नेत्रियों के कामकाज का सर्वे निजी एजेंसी द्वारा कराया गया था। सर्वे में पंचायती राज व्यवस्था में काम करने वाली महिलाओं की दक्षता, सामाजिक सरोकार आदि विषय महत्वपूर्ण थे। पंच से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक थीं शामिल पंचायती राज में चुनाव जीतकर आने वाली महिलाओं में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष तक की कार्यकुशलता का सर्वे किया गया था। गुप्त तरीके से कराये गये सर्वे की जानकारी किसी भी सदस्य को नहीं दी गई थी। सर्वे राष्ट्रीय स्तर पर किया गया। जिसमें देश की 16 महिलाओं का चयन उनकी कार्यकुशलता के आधार पर किया जाना था। सशक्त पंचायत नेत्री का पुरस्कार पाने वाली जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह मध्यप्रदेश की पहली महिला हैं जिनको यह पुरस्कार केंद्र सरकार द्वारा दिया गया है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर दी बधाई—
सशक्त पंचायत नेत्री का पुरस्कार प्राप्त करने वाली जिला पंचायत की उपाध्यक्ष अर्चना सिंह को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर बधाई दी है। अर्चना सिंह का कहना है कि उन्होंने कभी किसी पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए जनता की सेवा नहीं की। सरकार की योजनाओं का क्षेत्र में बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कराया ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले। सशक्त पंचायत नेत्री का पुरस्कार प्राप्त करने पर जिले के लोगों ने खुशी जाहिर की है। केंद्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलने से सिंगरौली जिला पंचायत का मान भी बढ़ा है।