होटल में लगी भीषण आग, 14 लोग जिंदा जले, कई घायल हैं गंभीर

कोलकाता ब्यूरो।। कोलकाता के बड़ा बाजार स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया। यह घटना मंगलवार देर रात की है। कोलकाता के बड़ा बाजार के मछुआ फल मंडी स्थित ऋतुराज होटल में अचानक आग लगी थी। यह आग इतनी भीषण थी कि इसने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल के अंदर धुआं भर गया। इस दौरान होटल में मौजूद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि धुएं की वजह से कई लोग होटल के अंदर ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम को दीवार तोड़कर होटल के अंदर घुसना पड़ा लेकिन आग की चपेट में आने से 14 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, कई लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होटल में आग मंगलवार देर रात करीब 9 बजे के आसपास लगी थी। आग लगने के कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इस बीच पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कोई भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करता है। सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि पैसे से सब कुछ हासिल किया जा सकता है। अवैध निर्माण होते हैं और जहां चाहो वहां बाजार खुल जाते हैं। नतीजतन ऐसी घटनाएं होती हैं। जिससे जान-माल का नुकसान होता है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने सारे लोग मारे गए हैं। मगर सरकार को इस मामले को और गंभीरता से लेने की जरूरत है।
कैसे फैली आग —?
फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग रेस्टोरेंट के रसोईघर से लगी और धीरे धीरे पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आरोप ये भी है कि होटल के अंदर आग बुझाने के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए थे जिससे ये हादसा इतना बड़ा हो गया। होटल कर्मी मनोज पासवान (उम्र करीब 40 साल) आग लगने के डर से जान बचाने के लिए बालकनी से कूद गया। जब उन्हें कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कई दमकल गाड़ियों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। होटल में फंसे मेहमानों को लेडर के जरिए नीचे उतरा गया। बाद में होटल की अलग अलग जगह से 13 बॉडी रिकवर किया गया। कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने बताया, यह आग लगने की घटना रात करीब 8:15 बजे हुई। 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को टीमों ने बचाया है। आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव कार्य जारी है। आगे की जांच जारी है। जांच के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।
14 लोगों के शव बरामद—
हादसे के वक्त धुएं की वजह से कई लोग अंदर ही फंस गए और कुछ लोग जान बचाने के लिए ऊपर की मंजिल की तरफ भागे लेकिन ऊपर से भी निकलने में काफी परेशानी हुई। रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी ने तो जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग दी जिससे उसकी मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम को दीवार तोड़कर अंदर घुसना पड़ा। हादसे में 14 लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि करीब पचास लोगों का रेस्क्यू किया गया।