
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। नगर निगम सिंगरौली में आये दिन बड़े बड़े भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो रहा है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 36 का है जहां वर्ष 2023 में 16 लाख 33 हजार की लागत से कागजों पर एक नाली का निर्माण हुआ और उसका भुगतान भी हो गया परन्तु जब ननि अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया तो उनके होस उड़ गये। नाली क्या वहां नाली का एक गड्डा भी नहीं मिला। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ननि के वार्ड क्रमांक 36 स्थित दिनेश प्रताप सिंह हाउस से दिनेश प्रसाद के घर जयनगर सड़क तक नाली निर्माण के लिए 4 अगस्त 2023 को टेंडर हुआ था। जिसकी कुल लागत करीब 18 लाख 72 हजार रूपये थी। करीब 26 प्रतिशत एसओआर पर था। सूत्र बताते हैं कि नाली का विधिवत वर्क ऑर्डर महाकाल ब्रदर्स जयनगर के नाम से हुआ। मजे की बात यह है कि कार्य का मूल्यांकन हुआ। उपयंत्री ने माप पुस्तिका में दर्ज किया और उसकी सत्यापन प्रक्रिया भी पूर्ण किया। यहां तक कि संबंधित तकनीकी स्टाफ नाली के सामने खड़े होकर फोटो भी खिचवाया है और साथ ही सारे दस्तावेजो को देखने एवं सुनने के बाद यही पता चला कि गुणवत्ता युक्त नाली का निर्माण हुआ है। 4 मार्च 2024 को भुगतान भी कर दिया गया है। लेकिन जब इसकी जानकारी ननि अधिकारियों को अब हुई तो स्थल का निरीक्षण किया। जहां मौके से नाली गायब मिली। अब चर्चा यही है कि नगर निगम की 16 लाख 33 हजार रूपये की लागत से बनी नाली चोरी हो गई है। इस संबंध में ननि आयुक्त डीके शर्मा से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है और हो सकता है कि इसके लिए पुलिस की मदद ली जाएगी।