
ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम धूनी में महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बोरी बंधन श्रमदान किया और जल संरक्षण हेतु जनजागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नदी-नालों के किनारे बोरी बंधन कर मिट्टी के कटाव को रोकने का कार्य किया, जिससे वर्षा जल संचय को बढ़ावा मिलेगा। इस श्रमदान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिसने गांव वासियों को भी प्रेरित किया। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा जल संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों के साथ पूरे गांव में जन जागरण का संदेश फैलाया गया। रैली का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किया गया।इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सदस्य और ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल का संचयन तथा ग्रामीणों को जलसंवर्धन के प्रति जागरूक करना रहा। ग्राम धूनी की यह पहल जल संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है और अन्य गांवों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।