यूएस एयरफोर्स विमान भारतीयों को लेकर अमृतसर पहुंचा
अमेरिका ने 104, भारतीयों को जबरन भारत भेजा, इनमें पंजाब के 30, हरियाणा-गुजरात के 33-33 लोग

नई दिल्ली एजेंसी।। अच्छी जिंदगी की तलाश इंसान को कहां-कहां ले जाती है। उसी में एक ख्वाब होता है। अपने वतन को छोड़ना और अमेरिका में अपनी किस्मत आजमाने निकल जाना। ये रास्ते कभी गैरकानूनी और जोखिम भरे भी होते हैं। जो जिंदगी को आशंकाओं से भर देते हैं। इंसान कब बेवतन हो जाए। कहा नहीं जा सकता। कुछ इसी सच्चाई को दिखा रही हैं।अमेरिका से अवैध प्रवासियों को बेदखल करती हुई तस्वीरें। तस्वीरों में किसी के हाथों में जंजीर बंधी है। कोई कतार में खड़ा है। कोई भविष्य की अनिश्चितताओं से घिरी हुई आंखों और मायूसी से लटका हुआ चेहरे के साथ और अपने वतन जाने का बारी-बारी इंतजार कर रहा है। अमेरिका ने बुधवार को नई इमिग्रेशन पॉलिसी के तहत 104 अवैध प्रवासी भारतीयों का जबरन डिपोर्ट कर दिया। अमेरिकी एयरफोर्स का विमान सी-17 ग्लोबमास्टर इन्हें लेकर अमृतसर के एयरफोर्स के एयरबेस पर उतरा। इनमें पंजाब के 30, हरियाणा गुजरात के 33-33 लोग शामिल हैं।
205 अवैध भारतीय चिह्नित—
अमृतसर एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक इन लोगों का वैरिफिकेशन किया गया। यहां से इमिग्रेशन और कस्टम से क्लियरेंस के बाद पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया। अमेरिका ने कुल 205 अवैध भारतीयों को डिपोर्ट करने के लिए चिह्नित किया है। इन्हें भारत भेजा जाएगा। 186 भारतीयों को डिपोर्ट करने वाली लिस्ट भी सामने आई। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बाकी बचे लोग कहां हैं और कब डिपोर्ट किए जाएंगे।
104 में 8-10 साल के बच्चे भी शामिल—
अमृतसर एयरपोर्ट पर लाए गए 104 लोगों में कुछ परिवार भी हैं। इसके अलावा 8-10 साल के बच्चे भी शामिल हैं। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लोगों को बाई रोड घर भेजा जाएगा। गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के लोगों को फ्लाइट से घर भेजा जा सकता है।