तीर धनुष से वार कर छोटे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को जियावन पुलिस ने हत्या के 5 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के कुशल निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व एसडीओपी देवसर राहुल सैयाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जियावन निरीक्षक राजेन्द्र पाठक व जियावन पुलिस टीम को तीर धनुष से वार कर छोटे भाई की हत्या करने वाले आरोपी मृतक के बड़े भाई को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। गौरतलब हो कि हत्या की सूचना पर जियावन पुलिस ने महज 5 घंटे के अंदर गिरफ्तारी की है। जियावन थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र पाठक से मिली जानकारी के मुताबिक दिनांक 05/12/2024 की दरम्यानी रात को ग्राम बुढ़ाडोड के रामानुज बैगा ने अपने सगे छोटे भाई लालकुमार बैगा उम्र 26 की तीर-धनुष मारकर हत्या कर दी। धनुष का तीर सीधे लाल कुमार के सीने में घुस गया था। पुलिस ने रामानुज बैगा व उसकी पली शान्ती बैगा को आरोपी बनाया है। मृतक लाल कुमार बैगा और रामानुज बैगा का बड़ा लड़का किशुन बैगा दोनो बैढ़न में मजदूरी करते थे। दिनांक 5/12/2024 को लालकुमार बैगा मजदूरी करके अपने भाई रामानुज बैगा के घर पहुंचा था। सामान्य बातचीत पर दोनों का आपस में विवाद हुआ था। गाली-गलोज होने लगा था। तब लालकुमार बैगा अपने घर रात के करीब 11 बजे आ गया। लालकुमार बैगा अलग मकान बनाकर रहता है। तभी गुस्से में रामानुज बैगा तीर-धनुष लेकर अपनी पत्नी शान्ती बैगा के साथ लालकुमार के घर आकर पुनः गाली-गलौज करने लगा। दोनो भाइयों में लड़ाई झगड़ा होने लगा। उसी समय गुस्से में रामानुज बैगा ने तीर-धनुर से लालकुमार के सीने में मार दिया। तीर गहराई तक सीने में घुस जाने और अत्यधिक रक्त स्राव होने से लालकुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 100 डायल के माध्यम से जियावन पुलिस को सूचना मिलने पर रात में कई धन्टों की छानबीन के बाद मृतक के घर का पता चल सका। मृतक का घर ग्राम बूढ़ाडोड में जंगल के किनारे पहाड़ी के नीचे बना है। रात में कोहरा धुंध होने के कारण तथा मोबाइल नेटवर्क न मिलने से मृतक का घर खोजने में काफी दिक्कत आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पत्नी सोनमती की रिपोर्ट पर मर्ग एवं धारा 103(1), 3(5) मा० न्या० संहिता के तहत् अपराध पंजीबब्द कर अनुसंधान में लिया है। आरोपी के रूप में रामानुज बैगा एवं उसकी पत्नी शान्ती बैगा है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को सूचना मिलते ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश जियावन थाना को दिया गया। थाना प्रभारी जियावन निरीक्षक राजेन्द्र पाठक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के पाँच घण्टे के अन्दर दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कल इन्हे माननीय न्यायालय देवसर में पेश किया जाएगा।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम —
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी जियावन निरीक्षक राजेन्द्र पाठक की पुलिस टीम से समस्त पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।।