
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। रीवा में आयोजित चित्रांगन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म एवं नाट्य महोत्सव का शुभारंभ भव्य तरीके से हुआ। पहले दिन साधो द बैंड द्वारा प्रस्तुति दी गई। यह महोत्सव 20 फरवरी से 24 फरवरी तक कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। संस्कृति मंत्रालय, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम रीवा के सहयोग से रंग उत्सव नाट्य समिति इस आयोजन को सफल बना रही है। खास बात यह है कि यह आयोजन सभी दर्शकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क है।
पहले दिन फिल्मों का शानदार प्रदर्शन—
महोत्सव के प्रथम दिवस के प्रथम सत्र में कई फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। जिनमें प्रमुख थीं—
✅ वंश।
✅ डोंट लीव मी।
✅ बहरूपिया।
✅ माई फादर इज अफ्रेड ऑफ वाटर।
इन फिल्मों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कला और कलाकारों का सम्मान तथा पारिवारिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए गए।
चित्रांगन फिल्म एवं नाट्य महोत्सव शुरू, 24 तक होगा आयोजन—
साधो बैंड की प्रस्तुति ने मोहा मन—
पहले दिन की शाम को देश के प्रसिद्ध साधो बैंड की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवाने सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 1000 से अधिक सीटों वाला कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम खचाखच भरा हुआ था और दर्शकों ने इस संगीत संध्या का भरपूर आनंद लिया।
चित्रांगन फिल्म एवं नाट्य महोत्सव—
महोत्सव में फिल्म, संगीत, लोक कला और आर्ट क्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। खास तौर पर राजकमल प्रकाशन और लोक भारती प्रकाशन द्वारा पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। जो साहित्य प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
उद्घाटन सत्र में कई गणमान्य हस्तियों ने महोत्सव की सराहना की—
वरिष्ठ लेखक और पत्रकार जयराम शुक्ल—
चित्रांगन महोत्सव विंध्य के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। कलाकार यहां की आयोजन व्यवस्था और जनता के स्नेह से अभिभूत होते हैं।
SGMH रीवा के अधीक्षक राहुल मिश्रा—
यह महोत्सव कला के विविध रंगों को एक साथ प्रस्तुत करता है। आयोजन समिति को बधाई।
सैनिक स्कूल रीवा के प्राचार्य कर्नल अविनाश रावल—
युवा पीढ़ी की दिशा और दशा को सुधारने वाले ऐसे आयोजन बेहद सराहनीय हैं।
सावीमदर स्कूल के संचालक सुजय सिंह—
यह आयोजन हर वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन और ज्ञान का स्रोत है।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री अवधेश सिंह—
चित्रांगन फिल्म एवं नाट्य महोत्सव विंध्य की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन मंच है।
दूसरे दिन की खास पेशकश – नाटक ‘फूल नौटंकी’—
महोत्सव के दूसरे दिन पटना बिहार से आए कलाकारों द्वारा प्रसिद्ध नाटक ‘फूल नौटंकी’ का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा दिन में फिल्मों का प्रदर्शन। दोपहर में एक्सपर्ट क्लास जिसमें बॉलीवुड के कलाकार भी शामिल होंगे ।