गैंगरेप मामले में आरोपियों की रिमांड समाप्त,कानून हमारी मुट्ठी में का दंभ भरने वाले दरिंदे पहुंचे सलाखों के पीछे

ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। रीवा में भैरव बाबा मंदिर के पास नवविवाहिता से हैवानियत करने वाले शेष पांच आरोपियों को भी जेल भेज दिया गया। रविवार को एक दिन की रिमांड समाप्त होने पर दरिंदों को गुढ़ पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। इसके पूर्व दरिंदों का गुढ़ कस्बे में जूलूस निकाला। अब पुलिस पूरा फोकस कर रही है कि जल्द से जल्द जांच पूरी हो और मामले की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में हो सके। 21 अक्टूबर को गुढ़ थाना क्षेत्र के भैरव बाबा कुड़िया नाला के पास आठ दरिंदों ने एक नवदंपत्ति को पकड़ लिया था। इस दौरान पति के सामने ही नवविवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। दरिंदे करीब एक घंटे तक अपनी हवस मिटाते रहे। इस दौरान उनके द्वारा कहा गया कि कानून हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हम लोगों का रोज का यही काम है। लेकिन जब दरिंदे पुलिस के हाथ लगे तो उनकी सारी हेकड़ी निकल गई। सभी आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया था। यहां से तीन को जेल भेज दिया गया था। जबकि पांच मुख्य आरोपी क्रमशः रामजी कोरी पुत्र रामुकुमार कोरी 20 वर्ष, रावेश गुप्ता पुत्र रामावतार गुप्ता 28 वर्ष दोनों निवासी गुढ़, सुशील कोरी पुत्र गजाधर कोरी 19 वर्ष निवासी रामपुर बघेलान, गरुण कोरी पुत्र रामदरश कोरी एवं लवकुश कोरी पुत्र बिहारीलाल कोरी दोनों निवासी जौरौट थाना नईगढ़ी को रिमांड पर लिया गया था। रविवार को रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने गुढ़ कस्बे में दरिंदों का जुलूस निकाला और बाद में जिला न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
चिन्हित अपराध में किया गया शामिल—
उक्त घटनाक्रम को पुलिस अधिकारियों ने चिन्हित अपराध में शामिल किया है। जांच अधिकारियों को 15 से 20 दिन के भीतर जांच पूरी करने का आदेश दिया गया है। जिससे मामला फास्टट्रैक कोर्ट में पेश हो सके। इसके साथ ही हर पहलुओं पर जांच कर अधिक से अधिक सबूत एकत्रित किये जा रहे हैं। जिससे दरिंदों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
सबसे पहले पहुंचा था लवकुश, फिर सुशील—
रिमांड के दौरान पुलिस ने पांचों दरिंदों की भूमिका की पड़ताल किया। पूछताछ में सामने आया कि नवदंपत्ति जब जलाशय के पास बैठ कर बातचीत कर रहा था। तभी वहां पर लवकुश कोरी पुत्र बिहारीलाल निवासी नईगढ़ी पहुंचा। उसी ने अपने अन्य साथियों को आवाज देकर बुलाया। जिसके बाद सभी आरोपी एक-एक कर पहुंच गये और दंपत्ति को घेर लिया। दंपत्ति ने भागने का प्रयास किया तो रामजी कोरी, रावेश गुप्ता, गरुण कोरी एवं सुशील कोरी ने घेर लिया। इसके बाद मारपीट करते हुये पति को पकड़ लिये और फिर पत्नी से बारी-बारी से दुष्कर्म किये। पुलिस ने सभी आरोपियों की अलग-अलग भूमिका को बारीकी से परखा है और उसे लिखापढ़ी में लिया है।
सुशील बना रहा था वीडियो—
जब नवविवाहिता का दरिंदे रेप कर रहे थे। तब सबसे पहले सुशील उसकी वीडियो बना रहा था। इसके बाद वह खुद भी मारपीट करते हुये नवविवाहिता से दुष्कर्म किया। बाद में सुशील ने ही खुद को मीडिया प्रभारी बताते हुये कहा था कि मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता है। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वहां से चला गया था। हालांकि बाद में आरोपी ने अपने फोन से घटनाक्रम का वीडियो डिलीट कर दिया था। जिसे पुलिस रिकवर करने का प्रयास कर रही है।।