केन्द्रीय जेल में बंद कैदी की मौत

ऑपरेशन टाईम्स सतना।। सतना जिले में हत्या के प्रकरण में केन्द्रीय जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत हो गई। मृतक बहू के हत्या के आरोप में जेल में बंद था। इस संबंध में जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शिवचरण केवट पिता मन्नू केवट 68 वर्ष निवासी नरसिंहपुर कटरा थाना रामपुर बाघेलान हत्या के था। ढाई वर्ष से जेल में बंद शिवचरण की तबियत काफी समय से खराब चल रही थी। समय समय पर उसका इलाज जिला अस्पताल में कराया जाता रहा। कुछ समय से उसका इलाज जेल के मेडिकल वार्ड में चल रहा था। शुक्रवार की रात 9 बजे के करीब तबियत बिगड़ने पर जेल से शिवचरण को जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। जेल प्रबंधन के द्वारा सूचना दिए जाने पर मृतक का बेटा अच्छेलाल व परिवार के अन्य सदस्य जिला अस्पताल पहुंचे। पीएम की वीडियोग्राफी कराई गई। पीएम के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कोलगवां पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
बहू की कुल्हाड़ी मारकर की थी हत्या—
मृतक शिवचरण केवट ने 17 फरवरी 2022 को अपनी बहू रानी केवट पति अच्छेलाल की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। मृतका रानी को पीएम आवास के लिए राशि आवंटित हुई थी। वह पुराने घर के पास से नया आवास बनाना चाह रही थी। जिसका विरोध शिवचरण करता था। 17 फरवरी को इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद शिवचरण ने बहू की हत्या कर दी। रामपुर बाघेलान पुलिस के द्वारा अगले दिन शिवचरण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से वह जेल में ही बंद था।