मऊगंज के गड़रा गांव में पसरा सन्नाटा- घरों में ताले, मवेशियों की देखभाल में जुटी पुलिस, नवागत कलेक्टर-एसपी कर रहे संवाद
हत्या, हिंसा और पुलिस अधिकारी की शहादत के बाद गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन शांति बहाली में जुटा

ऑपरेशन टाईम्स मऊगंज।। जिले के गड़रा गांव में 15 मार्च को हुए बड़े हिंसक घटनाक्रम के बाद अब पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में चारों तरफ पुलिस बल तैनात है। घरों पर ताले लटके हुए हैं और गांव के अधिकांश लोग या तो पलायन कर गए हैं या पुलिस की हिरासत में हैं। प्रशासन हालात पर काबू पाने की पूरी कोशिश कर रहा है और गांव में रह गए पालतू मवेशियों को चारा-पानी देने तक का जिम्मा पुलिस संभाल रही है। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी ने अपनी जान गंवाई, जिसे लेकर मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मौके पर पहुंचकर शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि दी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने संवेदनाएं व्यक्त कीं और तत्काल प्रभाव से मऊगंज के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एसपी रसना ठाकुर को मुख्यालय से अटैच कर दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा, प्रशासन कर रहा संवाद—
इस भयावह घटना के बाद से गड़रा गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। गांव के ज्यादातर लोग डर के कारण पलायन कर गए हैं। पुलिस अब हालात सामान्य करने के लिए नवागत कलेक्टर और एसपी के साथ गांव वालों से संवाद कर रही है और उन्हें वापस लौटने के लिए भरोसा दिला रही है। प्रभारी आईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है और जो लोग गांव छोड़कर चले गए थे। वे धीरे-धीरे वापस आ रहे हैं। प्रशासन लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है ताकि गांव में फिर से सामान्य जीवन लौट सके।
पुलिस कर रही मवेशियों की देखभाल—
चूंकि गांव के लोग अपने घरों में ताले लगाकर भाग चुके हैं। इसलिए उनके पालतू मवेशी भूखे-प्यासे पड़े थे। प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए गांव में गश्त कर रही पुलिस टीम को मवेशियों को चारा-पानी देने की जिम्मेदारी सौंपी है।
स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी—
अब प्रशासन हर संभव कोशिश कर रहा है कि गांव में अमन-चैन लौटे। पुलिस और प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता के चलते हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और गांव में शांति व्यवस्था बहाल करना उनकी प्राथमिकता है।।