
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाब नगर के घनी आबादी वाले इलाके में बुधवार को तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुआ इनोवेटेड कॉन्वेंट स्कूल के बाथरूम में छिपा हुआ था। स्कूल संचालक दीपनारायण पटेल के बेटे ने तेंदुए को सबसे पहले देखा और तुरंत पुलिस एवं वन विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हमले में वन अधिकारी और कर्मचारी घायल वन विभाग की टीम जैसे ही तेंदुए को रेस्क्यू करने पहुंची। तेंदुआ बाथरूम से भागकर स्कूल के ऑफिस रूम में छिप गया। रेस्क्यू के दौरान तेंदुए ने एक स्कूल कर्मचारी पर हमला कर उसे मामूली रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा एक वन अधिकारी पर भी तेंदुए ने पीछे से हमला किया। जिससे उनकी पीठ पर पंजों के गहरे निशान आ गए। घायल अधिकारी और कर्मचारी को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। घटना के वक्त स्कूल में परीक्षाएं चल रही थीं लेकिन सौभाग्य से स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। केवल स्कूल स्टाफ ही परिसर में था। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने लगभग 6 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर पिंजरे में बंद किया। रेंजर अंबुज नयन पांडेय ने बताया कि तेंदुआ वयस्क है और उसे मुकुंदपुर टाइगर सफारी भेजा जाएगा। जहां से उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि तेंदुआ गुढ़ या गोविंदगढ़ के जंगलों से भटकता हुआ शहर के रिहायशी इलाके में आ गया होगा। तेंदुए के आतंक से गुलाब नगर के स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और किसी को भी घटनास्थल के पास नहीं जाने दिया जा रहा है। लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव को देखे जाने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। वन विभाग और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और तेंदुआ सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।।