चंदन गुप्ता हत्याकांड मामले के 28 दोषियों को न्यायालय ने सुनाया उम्रकैद की सजा
यूपी के कासगंज दंगे में गोली मारी गई थी; लखनऊ एनआईए कोर्ट ने 6 साल बाद सुनाई सजा

लखनऊ एजेंसी।। उत्तर प्रदेश के कासगंज में 2018 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में 28 दोषियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई। लखनऊ एनआईए कोर्ट के जस्टिस विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने गुरुवार को 28 आरोपियों को दोषी करार दिया था। इस फैसले के खिलाफ दोषियों की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। गुरुवार को मामले में दोषी सलीम कोर्ट में पेश नहीं हुआ था। उसने शुक्रवार को कोर्ट पहुंचकर सरेंडर किया। कासगंज में 26 जनवरी, 2018 को चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। उसकी मौत के बाद कासगंज में दंगे हुए थे। हालात इतने खराब हो गए थे कि प्रशासन को इंटरनेट बंद करना पड़ा था। करीब एक हफ्ते तक कासगंज में जगह-जगह दंगे हुए थे।।