सिलफोरी टैंकर दुर्घटना में घायल एक और की मौत, दो इलाजरत
3 फरवरी पर दो मौत, किशुन गुर्जर की स्थिति गंभीर

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। मोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलफोरी में गत 3 फरवरी को पलटे पानी से भरे टैंकर दुर्घटना में घायल विजय खैरवार पिता रामेश्वर खैरवार उम्र 20 वर्ष की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। मौके पर विनय कुमार गुर्जर पिता लाल कुमार उम्र 20 वर्ष और शिवप्रसाद गुर्जर पिता देवसशरण गुर्जर उम्र 32 वर्ष की मौत हो गयी थी। घायल वीरेन्द्र कुमार गुर्जर पिता देवनाथ गुर्जर उम्र 40 वर्ष के हाथ में फ्रैक्चर व सिर में चोट लगी थी। उसकी सेहत में सुधार हुआ है लेकिन किशुन गुर्जर पिता देवनाथ गुर्जर उम्र 40 वर्ष की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसका उपचार वाराणसी के एक अस्पताल में किया जा रहा है। शनिवार को मृतकों और घायलों के परिजनों से मिलने के लिए पूर्व विधायक चितरंगी अमर सिंह सिलफोरी पहुंचे थे। जिसके बाद मामला वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा। मामले में बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर में लगे टैंकर से दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। वे सभी ट्रैक्टर के इंजन में चालक के दोनों तरफ बैठे हुए थे। वन विभाग के द्वारा वृक्षारोपण कराया गया था, उसी में पानी सिंचाई के लिए लेकर जा रहे थे। पानी ले जाते समय रास्ते में यह दुर्घटना हुई थी।
वन विभाग ने नहीं की मदद—-
मृतक व घायलों के परिजनों का कहना था कि वन विभाग के द्वारा किसी प्रकार की मदद अब तक नहीं पहुंचायी गयी हैं। जबकि वन अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के दौरान व्यक्तिगत तौर पर मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था। इसके साथ ही नियमानुसार सरकारी मदद कराई जायेगी लेकिन अब तक उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिल पायी है। यहां तक की गंभीर रूप से घायल किशुन गुर्जर को ब्रेन हैमरेज हुआ है। जिसके उपचार के लिए भी मदद नहीं मिल पायी है। पूर्व विधायक श्री सिंह ने वन अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर पीड़ित परिजनों को मदद पहुंचाये जाने का आश्वासन दिया है।