
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में चार बच्चों के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। पांच बाइक सवार युवक गांव में आए और खेल रहे चार बच्चों को बिना परिजनों की जानकारी के अपनी बाइकों पर बिठाकर जंगल की ओर ले गए। घटना के तुरंत बाद पूरे गांव में घबराहट का माहौल बन गया। जैसे ही बच्चों के परिजनों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। एसपी विवेक सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी श्रंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गांव के पास जंगल में बड़े स्तर पर सर्च अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जंगल के करीब ढाई किलोमीटर अंदर से चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही पांचों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
मधुर मिश्रा निवासी प्रयागराज, बृज कुमार द्विवेदी निवासी सेमरिया, दिलीप कुमार साहू निवासी हनुमान नगर, नईबस्ती कोलगवां, सतना, भोला प्रसाद साहू निवासी लखनऊ, लवलीन वासुदेवा निवासी सेमरिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी जंगल में घूमने के उद्देश्य से आए थे। उन्हें रास्ता पता नहीं था। इसलिए उन्होंने बच्चों को पैसों का लालच देकर अपने साथ ले जाने का बहाना बनाया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे जंगल में घूमने गए थे और बच्चों को सिर्फ रास्ता दिखाने के लिए साथ ले गए थे। हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वाकई में आरोपियों की मंशा यही थी या इसके पीछे कोई अन्य साजिश थी।
पुलिस का बयान—
एएसपी विवेक लाल ने बताया चार बच्चों के गांव से गायब होने की सूचना पर तत्काल टीम गठित कर जंगल में सर्चिंग कराई गई। चारों बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में गुस्सा, पुलिस की तारीफ—
घटना के बाद से गांव के लोगों में गुस्सा है। हालांकि पुलिस की तेजी और मुस्तैदी के चलते बच्चों को सुरक्षित वापस लाने पर उन्होंने पुलिस की सराहना भी की है। अब देखना होगा कि जांच में क्या नए तथ्य सामने आते हैं और पुलिस इस मामले में क्या सख्त कदम उठाती है।