
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। मऊगंज जिले के हनुमना तहसील के ग्राम गोपाल में वर्षों से चल रहे अवैध उत्खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अजय श्रीवास्तव के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध उत्खनन में लिप्त सुशील कुमार पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह व्यक्ति शासकीय भूमि से पत्थर निकालकर खुले बाजार में बेच रहा था।
हाईकोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई—
ग्रामीणों ने इस अवैध उत्खनन के खिलाफ आवाज उठाई और जनहित याचिका दायर की। जिसके बाद उच्च न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डेढ़ करोड़ से अधिक की वसूली का आदेश प्रशासन ने अवैध उत्खनन में हुई क्षति की भरपाई के लिए 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की रिकवरी का आदेश जारी किया है। साथ ही बीएनएस अधिनियम के तहत संबंधित व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन का कड़ा संदेश—
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम—
प्रशासन की इस कार्रवाई से न केवल सरकारी राजस्व की हानि रुकेगी बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आम जनता ने इस कदम का स्वागत किया है और इसे न्याय की जीत बताया है।