बागेश्वर धाम टेंट हादसे पर पं. धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, कहा- प्राकृतिक आपदा पर किसी का बस नहीं, दो दिन तक सभी कार्यक्रम स्थगित

ऑपरेशन टाईम्स छतरपुर।। मध्य प्रदेश के छतरपुर के बागेश्वर धाम में भारी बारिश के बीच टीन की शेड गिरने से हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसमें कई लोग घायल भी हुए है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा इतना बड़ा नहीं है। जितना न्यूज में दिखाया जा रहा है। शास्त्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा पर किसी का बस नहीं है। इसी के साथ उन्होंने इस हादसे के मद्देनजर तय किया है कि वे अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
शास्त्री ने घटना को लेकर कही यह बात—
कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा अत्यधिक बारिश के कारण यहां छोटी सी घटना हुई लेकिन किसी ने गलत न्यूज चला दी कि टीन शेड गिर गया है। हमने सोचा इतना मजबूत शेड एक दिन में कैसे गिर गया? एक पुराने ग्राउंड में टेंट पर लगी पॉलीथीन में अत्यधिक पानी भर गया था। वहां पाइप वाला छोटा टेंट लगा था। जिसका छोटा सा पाइप गिर गया था। न्यूज में बढ़ा चढ़ाकर कह दिया गया कि टीन शेड गिर गया और बड़ा हादसा हो गया। हमें आश्चर्य हुआ। वहां अब दरबार भी नहीं लगता। पहले लगता था। 4-5 लोग बारिश से बचने के लिए वहां बैठे हुए थे। उनको चोटें आईं।
दो दिन के लिए सारे कार्यक्रम स्थगित—
शास्त्री ने कहा हमको मन में बहुत दुख लगा। इसलिए आज और कल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर रहे हैं। क्योंकि टीन शेड की कोई घटना नहीं है। फिर भी धाम क्षेत्र अपना है। सब अपने हैं। वह परिवार भी अपना ही है। किसी पर भी दुख आए। वह दुख तो अपना ही है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भगवान की प्राकृतिक वर्षा में कहीं बिजली गिर जाती है। कहीं बादल फट जाते हैं। उन्होंने आगे रामचरित मानस की चौपाई जन्म विवाह मरण गति सोई,जेहि विधि लिखा सो तेहि विधि होई पढ़ी और कहा कि इस पर किसी का बस नहीं है। सब कह रहे थे कि कार्यक्रम पर विराम नहीं लगाया जाए। लेकिन हमारा मन नहीं माना। अनुष्ठान कथा पर विराम नहीं लगा सकते इसलिए क्रम पूरा किया जाएगा।।