सड़क दुर्घटना में घायल प्रधान आरक्षक की नागपुर में मौत

ऑपरेशन टाईम्स सतना।। 20 दिन पहले नवरात्रि के दौरान फ्लाई ओवर पर सड़क दुर्घटना में घायल प्रधान आरक्षक की इलाज के दौरान नागपुर में मौत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में गरबा से लौट रहे दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन की सुपर 30 में तैनात प्रधान आरक्षक संतोष कुशवाहा 10 सितम्बर की रात साढे 12 बजे बाइक लेकर डियूटी के लिए कोलगवां थाना जा रहा था। रास्ते में फ्लाई ओवर पर सामने से आ रहे दो पहिया वाहन से आमने सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार प्रधान आरक्षक संतोष और दो पहिया वाहन से गरबा खेलकर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। चोट गंभीर होने के कारण प्रधान आरक्षक संतोष को जबलपुर रेफर कर दिया गया था। जबकि अन्य दो युवकों को रीवा रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान तबियत में सुधार न होने पर घायल प्रधान आरक्षक संतोष को परिजन नागपुर ले गए। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह चार बजे के करीब उसकी सांसे थम गईं। सड़क हादसे में जान गंवाने वाला प्रधान आरक्षक संतोष मूलतः जिले के जैतवारा थानान्तर्गत किटहा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि मृत प्रधान आरक्षक का पार्थिव शरीर एम्बुलेंस के जरिए नागपुर से उनके पैतृक गांव किटहा ले जाया जा रहा है। बुधवार की सुबह पैतृक गांव में पुलिस सम्मान के साथ दिवंगत प्रधान आरक्षक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।