गीता महोत्सव में शामिल होने कुरूक्षेत्र जाएंगे सीएम
आज शाम दिल्ली में एमपी के सांसदों की मीटिंग में होंगे शामिल

ऑपरेशन टाईम्स भोपाल।। सीएम डॉ मोहन यादव रविवार रात दिल्ली पहुंचे। उन्होंने दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। सीएम आज हरियाणा के कुरूक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे। हरियाणा सरकार ने साल 2016 से गीता महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की थी। हरियाणा की धर्म नगरी कहे जाने वाले कुरूक्षेत्र में हर साल की तरह इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भव्य रूप से मनाया जा रहा है। 28 नवंबर से शुरू हुआ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 दिसंबर 2024 तक चलेगा। सीएम डॉ मोहन यादव आज शाम दिल्ली में मप्र के सांसदों के साथ बैठक करेंगे। बता दें कि मप्र की सभी 29 लोकसभा सीटों पर बीजेपी के सांसद हैं। वहीं राज्यसभा में भी एमपी से बीजेपी के आठ सांसद हैं। इन 37 सांसदों में से शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ वीरेन्द्र कुमार खटीक, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर, एल. मुरुगन, जॉर्ज कुरियन केन्द्र सरकार में मंत्री भी हैं। कुरूक्षेत्र रवाना होने से पहले सीएम ने दिल्ली में कहा भारत में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गीता महोत्सव मनाया जा रहा है। हरियाणा सरकार इस आयोजन में महती भूमिका निभाते हुए यह आयोजन कर रही है। संत-वृंदों के साथ मैं भी इसमें शामिल हो रहा हूं। कुरूक्षेत्र वो स्थान है जहां भगवान ने 5 हजार साल पहले कौरव-पांडवों के बीच महाभारत के युद्ध में अर्जुन को कर्मवाद की शिक्षा दी थी। यहीं श्रीमद् भगवद गीता का अवतरण हुआ। श्री कृष्ण द्वारा कही गई बात आज भी सामयिक है। बाल गंगाधर तिलक ने कर्मवाद की शिक्षा को लेकर पुस्तक की रचना की। तिलक की पुस्तक से प्रेरणा लेकर हमारे सभी क्रांतिकारी भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। सीएम ने कहा- हमारे लिए गीता न केवल वो पवित्र ग्रंथ है, बल्कि वो जीवन की सार्थकता सिद्ध करने का मार्ग भी है। हमने भी जो गीता महोत्सव का आयोजन किया है, वो 8 से 12 तारीख तक चलने वाला है। उसके विविध प्रकार के आयोजन लगातार चल रहे हैं।