मैहर में सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। मध्यप्रदेश के मैहर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना एनएच 30 पर घटी। जब तेज रफ्तार से जा रही एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और पेशे से शिक्षक थे। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। जब कार कटनी से मैहर की ओर जा रही थी। दुर्घटना मैहर के पास घुसडू नदी के पास हुई। जहां कार के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।
मृतकों की पहचान—
मृतकों में सभी लोग पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के नूनाही सिमरी गांव के निवासी थे। मृतकों के नाम सुखविधान सिंह, दामोदर सिंह, शिवराज सिंह और अरविंद सिंह हैं। ये सभी रिश्ते में भाई और भतीजा थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का शीशा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर लाया गया।
हादसे का कारण—
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना ड्राइवर के आंख लगने के कारण हुई बताई जा रही है। सुबह के समय कार की रफ्तार तेज़ थी और ड्राइवर को नींद आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई। जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
गांव में शोक की लहर—
इस हादसे के कारण पूरे सिमरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के चार लोगों की जान जाने से गांव में गहरा दुख छा गया है। मृतकों के परिवारवालों और ग्रामीणों का दिल टूट गया है क्योंकि यह हादसा एक साथ पूरे परिवार को झटका दे गया है। मैहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।