प्रभारी मंत्री संपतिया उईके पर 1000 करोड़ रुपए घुस लेने का लगा सनसनीखेज आरोप, जांच के आदेश हुए जारी

ऑपरेशन टाईम्स भोपाल।। मध्यप्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके पर जल जीवन मिशन से जुड़े 1000 करोड़ रुपए के कमीशन लेने के आरोपों के बाद राज्य सरकार ने स्वयं अपने मंत्री के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं। यह जांच प्रधानमंत्री कार्यालय से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद तेज़ी से शुरू की गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता संजय अंधवान ने सभी मुख्य अभियंताओं और जल निगम के परियोजना निदेशकों को सात दिनों में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। हालांकि वे मीडिया से इस विषय पर बात करने से बच रहे हैं। भारत सरकार ने मध्यप्रदेश को जल जीवन मिशन के तहत दिए गए 30,000/- करोड़ रुपये के उपयोग की जांच करने को कहा है। साथ ही मंत्री संपतिया उईके और मंडला के कार्यपालन यंत्री जिन पर उनके लिए घूस इकट्ठा करने का आरोप है। उनकी संपत्ति की जांच भी करने को कहा गया है। विभाग के अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं।
कार्यपालन यंत्रियों के माध्यम से लिया कमीशन—
मंत्री संपतिया उईके ने जांच का आदेश जारी होने के बाद इस संबंध में सीएम से शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी ने आदेश जारी किया है। उसे यह अधिकार ही नहीं है। इधर शिकायतकर्ता किशोर समरीते ने कहा है कि प्रधानमंत्री से शिकायत के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री संपतिया उईके ने विभाग के कार्यपालन यंत्रियों के माध्यम से कमीशन लिया।
12 अप्रैल 2025 को की गई थी शिकायत—
पूर्व विधायक किशोर समरीते ने प्रधानमंत्री को 12 अप्रैल 2025 को मामले की शिकायत करते हुए पत्र भेजा। उन्होंने इसमें लिखा कि मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन की केंद्र द्वारा दी गई 30 हजार करोड़ की राशि में मंत्री संपतिया उइके ने एक हजार करोड़ रुपए का कमीशन लिया है। किशोर समरीते ने ईएनसी बीके सोनगरिया पर भी अपने एकाउंटेंट महेंद्र खरे के माध्यम से कमीशन लेने का आरोप लगाया। किशोर समरीते ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों काम के फर्जी प्रमाण पत्र केंद्र को भेजे गए हैं। सीबीआई जांच कराई जाए तो यह देश का पहला बड़ा घोटाला निकलेगा।
कौन हैं संपतिया उइके—
57 वर्षीया संपतिया उइके बीजेपी की वरिष्ठ महिला नेता हैं। उन्होंने जमीनी स्तर से राजनीति की शुरुआत की। मंडला जिला पंचायत में 3 बार अध्यक्ष चुनी गईं। बीजेपी ने उन्हें 2017 में राज्यसभा का सदस्य बनाया। 2023 के विधानसभा चुनाव में संपतिया उइके ने मंडला सीट से जीत हासिल की। जिसके बाद उन्हें प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उन्हें पीएचई जैसा अहम विभाग भी दिया गया।।