रक्षित निरीक्षक को सस्पेंड करो, दर्ज कराओ मामला, संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन को सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन
संयुक्त मोर्चा द्वारा झूठा मामला दर्ज करने के विरोध में एसपी कार्यालय का घेराव

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। संयुक्त मोर्चा ने कॉंग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजू सिंह की अगुआई में आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने हजारों लोगों के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा राजू सिंह पर झूठा मामला दर्ज करने, अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के साथ अभद्रता करने वाले रक्षित निरीक्षक ( आरआई) केशव सिंह पर मामला दर्ज कराने और आम रोड़ पर कोयला परिवहन बंद करने की तीन सूत्रीय मांग को लेकर जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने आंदोलनकारियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। जानकारी के अनुसार संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आंदोलनकारियो ने आज सुबह कॉंग्रेस नेता राजू सिंह के नेतृत्व में तीन सूत्रीय मांग पत्र को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि जिले में बेतहाशा सड़क दुर्घटनाओ को रोकने के उपायों को लेकर विगत रविवार की सुबह कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा, जनपद सदस्य राजू सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो की तादात में लोग बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के परसौना में चक्का जाम किया गया था। जिससे पुलिस प्रशासन द्वारा चक्का जाम बिना अनुमति और पूर्व सूचना नहीं होने से भास्कर मिश्रा,जनपद पंचायत सदस्य राजू सिंह समेत 7 लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा 7 लोगों की जिला जेल भेजा गया। जहा से दूसरे दिन न्यायालय से ज़मानत पर छोड़ा गया। हलाकि पुलिस प्रशासन द्वारा राजू सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया।
मामला वापस लें पुलिस प्रशासन—
संयुक्त मोर्चा के विभिन्न नेताओं ने आज जिला व पुलिस प्रशासन से आम लोगों की समस्याओ और हितों को लेकर आंदोलन कर रहे जनपद सदस्य राजू सिंह के खिलाफ दर्ज मामला वापस लेने की मांग की गई। राजू सिंह समेत समर्थकों ने पुलिस प्रशासन से सवाल भी किया कि क्या जनप्रतिनिधि आम लोगों की समस्याओ को लेकर संविधान के दायरे में आंदोलन नहीं कर सकता है। क्या पुलिस प्रशासन डंडे के बलबूते क़ानून चलाना चाहती है।
अजजा वर्ग की महिला के साथ अभद्रता—
संयुक्त मोर्चा ने सौपे ज्ञापन में कहा है कि रक्षित निरीक्षक केशव सिंह द्वारा गत दिनों पुलिस लाईन में आंदोलनकारियों के साथ खड़ी अजजा वर्ग की महिला को गलत तरीके से छुआ गया। जिससे उसकी लज्जा भंग हुईं है। संयुक्त मोर्चा द्वारा रक्षित निरीक्षक केशव सिंह को निलंबित करने और मामला दर्ज करने की मांग की गई है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम, भीम आर्मी के लोग, भाकपा नेता समेत भारी संख्या में भीड़ मौजूद रही।
एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात—
आंदोलनकारियों द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष हजारों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के नेतृत्व में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बैढ़न कोतवाली प्रभारी अशोक सिंह परिहार. मोरवा थाना प्रभारी यूपी सिंह, नवानगर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी. माडा थाना प्रभारी एसपी मिश्रा, विंध्य नगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी समेत भारी बल मौजूद रहा ।