
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मादीन यादव को अंतिम विदाई दी गई। बड़े बेटे ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री के दोनों बेटे अभिमन्यु और वैभव अपनी बुआ कलावती यादव के साथ, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उनको श्रद्धांजलि देने पहुंची।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा मां भारती की सेवा में संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले परम पूज्य ससुर श्रद्धेय ब्रह्मानंद यादव जी का देवलोकगमन अत्यंत दुखद है। आपके चरणों में सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सीएम ने आगे लिखा आपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए न्यौछावर किया। आप एक शिक्षक थे। आपने सदैव ‘कार्य निष्ठा’ की शिक्षा व प्रेरणा प्रदान की। अपार शोक के क्षणों में भी आपकी शिक्षा को आत्मसात करते हुए मैं मध्यप्रदेश के विकास हेतु विदेश दौरे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
सीएम ने कहा- परिवारजन व आपके प्रशंसकों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देकर शांति व मोक्ष प्रदान करें।

विद्यार्थी जीवन में ही संघ से जुड़े रिटायर्ड प्रिंसिपल ब्रह्मादीन यादव ने 98 साल की उम्र में मंगलवार रात को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में अपने आवास पर अंतिम सांस ली थी। 27 जून की रात उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया था। उन्हें सांस और पेट से संबंधित बीमारी के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के ICU वार्ड में एडमिट कराया गया था। 28 जून को उनकी बेटी और सीएम मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव अपनी बेटी के साथ उन्हें देखने पहुंची थीं। फिर वे मध्यप्रदेश लौट आई थीं। ब्रह्मादीन यादव शुरुआत से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े थे। विद्यार्थी जीवन में उन्होंने कई आंदोलन किए। इसके बाद पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए घर से भागकर मुंबई चले गए। उनका असली नाम ब्रह्मानंद था लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने बाद में अपना नाम ब्रह्मादीन रख लिया। उन्होंने मुंबई में पढ़ाई शुरू की। पढ़ाई पूरी करके फिर यूपी आ गए। इसके बाद नौकरी के लिए मध्यप्रदेश के रीवा पहुंचे। यहां एक राजकीय स्कूल में नौकरी मिल गई। 1987 में वो प्रिंसिपल के पद से रिटायर्ड हुए थे।