
ऑपरेशन टाईम्स रीवा।। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अपनी विदेश यात्रा से लौटने के तुरंत बाद रीवा पहुंचे और अपने ससुर स्वर्गीय ब्रह्मानंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह सादा और पारिवारिक रहा, लेकिन उनके आगमन की जानकारी मिलते ही संजय नगर स्थित आवास पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति दर्ज हुई। मुख्यमंत्री शाम 5-20 बजे विशेष विमान से रीवा एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे संजय नगर स्थित स्व. ब्रह्मानंद यादव के निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से भेंट कर संवेदना प्रकट की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और श्रीचरणों में स्थान की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. ब्रह्मानंद यादव के पुत्रगण रामानंद यादव, सदानंद यादव एवं सच्चिदानंद यादव से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव भी उनके साथ उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री की इस व्यक्तिगत यात्रा के दौरान विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अजय सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, आयुक्त एवं सचिव जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े, रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर, एसपी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का रीवा आगमन जैसे ही हुआ, जिले के प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल (मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम विभाग) ने एयरपोर्ट पर अगवानी की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थित होकर दिवंगत ब्रह्मानंद यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।।