तीसरे दिन भी संयुक्त संघर्ष मंच का धरना प्रदर्शन जारी
चाहे जो मजबूरी हो, हमारी पूरी हो: संयुक्त संघर्ष मंच सिंगरौली

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। नगर पालिक निगम की कार्यप्रणाली को लेकर क्षुब्ध संयुक्त मोर्चे ने मोर्चा खोल दिया है। जिले के सभी सक्रिय संगठनों ने ननि पर भ्रष्टाचार करने और मनमाने तरीके से कार्य करने का भी आरोप जड़ा है। ननि गेट पर शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। सभी संगठनों के लोग बारी-बारी से आकर ननि पर आरोपों की बौछार करते रहे। उनका कहना है कि निगमायुक्त को पिछले 20 दिन से हम लोग पत्र देकर घोटालों की जानकारी मांग रहे हैं। जब जानकारी नहीं मिली तो हम लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
जबकि निगमायुक्त ने बताया कि उन्हें जानकारी ही नहीं है कि धरना क्यों हो रहा है? ननि में वर्तमान आयुक्त के द्वारा पदस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के थोक के भाव किए गये निलंबन आदेश व कुछ ही दिन बाद उन्हें बहाल करने का भी मामला भी प्रदर्शनकारियों द्वारा उठाया जा रहा है। कई अधिकारियों के प्रभार भी छीन लिए गये थे लेकिन अब सभी के प्रभार वापस कर दिये जाने का दावा किया जा रहा है। इसी तरह की मनमानियों को लेकर संयुक्त मोर्चे ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर दिनभर नारेबाजी होती रही और लोग अपनी-अपनी बात रखते रहे। धरने पर संयुक्त मोर्चा के तमाम क्रांतिकारी साथी डटे रहे।।