अलीगढ़ कोचिंग सेंटर में 12वीं की छात्रा से संचालक ने किया रेप
खुद पुलिस को लेकर पहुंची पत्नी ने आरोपी संचालक को गेट तोड़कर निकलवाया बाहर


12वीं की छात्रा है पीड़िता—
कोचिंग सेंटर में कक्षा 10 और 12 के छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे कोचिंग संचालक धनंजय ने 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। जानकारी होते ही अन्य छात्र-छात्राएं भड़क गए। उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर बुला लिया। पीड़ित छात्रा ने भी फोन कर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया। इस पर आरोपी धनंजय ने खुद को एक क्लासरूम में बंद कर लिया।
पुलिस के साथ पहुंची पत्नी—
आक्रोशित भीड़ आरोपी को बाहर निकलने के लिए कह रही थी। इसी बीच धनंजय की पत्नी पुलिस के साथ पहुंच गई। उसने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की बात कही। पुलिस ने कमरे का गेट काटकर कोचिंग संचालक को बाहर निकाला। आक्रोशित परिजन और अन्य लोग सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। आरोपी कोचिंग संचालक को पुलिस थाने ले जाने लगी तो आक्रोशित भीड़ उस पर टूट पड़ी। उसे पुलिस से छुड़ाने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने आरोपी को जीप में बैठा लिया तो लोगों ने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया। पुलिस आरोपी को लेकर क्वार्सी थाने पहुंची तो यहां भी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर भाजपाई भी पहुंच गए। सीओ तृतीय मयंक पाठक ने बताया पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा को आठ माह से कर रहा था परेशान—
सेंटर में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने बताया कि आरोपी धनंजय छात्राओं के साथ आए दिन छेड़छाड़ करता था। जिस छात्रा के साथ उसने रेप किया है। उसे पिछले आठ माह से परेशान कर रहा था। उसके साथ बैडटच कर रहा था। आरोप है कि आरोपी कोचिंग खत्म होने के बाद एक्स्ट्रा क्लासेस के नाम पर सिर्फ छात्राओं को रोकता था। उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। जब छात्राएं विरोध करती ताे उन्हें धमकाता था।
मोबाइल में आपत्तिजनक फोटो देखने पर हुआ शक—
छात्रा के परिजनों बताया कि आरोपी शिक्षक की पत्नी ने दो दिन पहले उसके मोबाइल में कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली एक बालिका के निर्वस्त्र फोटो देख लिए थे। फोटो देखने के बाद ही आरोपी की पत्नी मौके की तलाश में थी। इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने उसकी पत्नी को पहले भी आरोपी के गलत व्यवहार की जानकारी दी थी। बताया था कि उसका व्यवहार ठीक नहीं है। गलत तरीके से बात करता है।
पुलिस पर लगाया आरोपी को बचाने का आरोप—
भारतीय किसान यूनियन की महिला जिलाध्यक्ष और मुख्य प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
आरोपी को भेजा दूसरे थाने—
लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को दूसरे थाने में भेज दिया। वहीं क्वार्सी थाने पर धीरे-धीरे भीड़ एकत्रित होने लगी।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी—
दुष्कर्म का आरोपी करीब 12 साल पहले भी छेड़छाड़ करने के आरोप में जेल जा चुका है। लोगों ने आरोपी की पुरानी क्राइम हिस्ट्री के आधार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।