भोपाल

अनुपूरक बजट पर चर्चा जारी, कांग्रेस ने जताया विरोध

हेमंत कटारे ने कर्ज के मुद्दे पर सरकार को घेरा, सदन में सवालों की बौछार

ऑपरेशन टाईम्स भोपाल।। मध्यप्रदेश विधानसभा में शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन आज अनुपूरक बजट पर चर्चा की जा रही है। इसमें उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने सदन में सरकार पर सवालों की बौछार कर दी है। उप नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश की स्थिति बहुत खराब है। उन्होंने कर्ज को लेकर सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि लिए गए कर्ज को कैसे चुकाएं प्रदेश को यह भी बताना चाहिए। कांग्रेस सरकार के समय जितना कुल कर्ज था, आज की सरकार उतना सिर्फ ब्याज भर रही हैं। 60 हजार प्रति व्यक्ति कर्ज मध्यप्रदेश में है, वित्त मंत्री इसका जवाब दें। कटारे ने कहा मैं जब से विधायक बनकर आया हूं। लगातार प्रश्न लगाकर आजीविका मिशन में हुए घोटाले की जानकारी मांगी है। इसके सारे सबूत सामने है। लेकिन कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है ? उप नेता प्रतिपक्ष ने आज इनकम टैक्स की रेड का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें पूर्व CS का पैसा लगा हुआ है। प्रदेश में अफसरों के ट्रांसफर पर कहा कि 410 ट्रांसफर मात्र 10 महीने में हो चुके हैं। इससे प्रशासनिक अराजकता की स्थिति बन गई है। कोई अधिकारी सो ही नहीं पा रहा। रात 12:00 बजे उसका ट्रांसफर हो जाता है तो वह कैसे सोएगा? अधिकारी आता है, काम शुरू करता है…फाइल खोलता है। 1 महीने में ही उसका ट्रांसफर हो जाता है। काम कैसे होगा?कटारे ने कहा हमीदिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी , टेक्नीशियन वार्ड बाय हड़ताल पर है। पिछले 3 महीने से वेतन को लेकर लगातार हड़ताल कर रहे हैं। उनके वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। मेंटाना ग्रुप पर ईओडब्ल्यू की फिर रेड पड़ी है, उसमे जांच करके कार्रवाई की जाना चाहिए। उप नेता प्रतिपक्ष ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्ल्व पर भी सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि एमपी से लेकर न्यूयार्क तक 4 लाख करोड़ के MOU साइन हुए लेकिन क्या धरताल पर कोई निवेश आया।

बीजेपी विधायक सीताशरण शर्मा ने दिया जवाब—
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ बीजेपी विधायक सीताशरण शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि हेमंत कटारे के साथ विपक्ष को बताना चाहता हूं , जब आपने सरकार छोड़ी तो 37 हजार करोड़ रुपए का प्रदेश के ऊपर कर्ज था। बजट 3 लाख 65 हजार करोड़ था, जो अनुपात में कम है। कांग्रेस ऋण लेती थी और घी पीती थी। न सड़क थी। न बिजली थी। सब सत्यानाश था। कर्ज की बात करने वाले सुने स्वच्छता में प्रदेश नंबर वन है। कांग्रेस के समय तो साफ सफाई की चर्चा ही नहीं होती थी।

घंटे के हिसाब से देखा जाये तो 4 करोड़ का कर्ज लिया गया- लखन घनघोरिया—
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक लखन घनघोरिया ने सदन में कहा कि यदि घंटे के हिसाब से देखा जाये तो 4 करोड़ का कर्ज लिया गया है। यह बजट पर नहीं कर्ज पर चर्चा है। कांग्रेस विधायक ने कविता के साथ कटाक्ष करते हुए कहा कि साथ लेने के लिए जादू खरीदे जाएंगे ऐसा कहा जाता है कि मंत्री के क्षेत्र में विकास होता है। सौगात मिलती है। लेकिन जबलपुर के बारे में कभी विचार किया क्या ? पक्षपात की सरकार चल रही है। 11 माह में 30 बार कर्ज लिया गया है ये भी गजब है। कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा अफसोस कि बात है। 88 लाख 44 हजार जॉब कार्ड हैं। 79 हजार को ही काम दिया गया। काम मांगा लेकिन सरकार ने नहीं दिया। सभापति अजय विश्नोई ने कहा कि मनरेगा का मजदूर अब ढूंढने से नहीं मिलता है। जवाब में मरकाम ने कहा 50 हजार मजदूर हमारे जिले से पलायन हुए क्यों हुए जवाब नहीं है सरकार के पास। स्वीकृत के बाद भी पैसा सरकार ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा को प्रणाम कर बात करता हूं। डिंडोरी में जो बांध बने उनसे सिंचाई उतनी नहीं हो रही जितना कागजों में बताया..यह आपकी सरकार है।

Author

  • Digitaloperation times

    GOVT. RED. NO.MP - 11- 0013317 - डिजिटल ऑपरेशन टाइम्स तेजी से बढ़ता विश्वसनीय न्यूज़ नेटवर्क संपादक लक्ष्मण चतुर्वेदी उप संपादक अनुराग द्विवेदी मो. 9425422558 / 8463003097 हर तरफ की खबर अपडेट के साथ

    View all posts

Digitaloperation times

GOVT. RED. NO.MP - 11- 0013317 - डिजिटल ऑपरेशन टाइम्स तेजी से बढ़ता विश्वसनीय न्यूज़ नेटवर्क संपादक लक्ष्मण चतुर्वेदी उप संपादक अनुराग द्विवेदी मो. 9425422558 / 8463003097 हर तरफ की खबर अपडेट के साथ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!