जमीनी विवाद में पत्थर से कुचलकर वृद्ध की हत्या
आरोपियों की तलाश में जुटी चितरंगी पुलिस

ऑपरेशन टाईम्स सिंगरौली।। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में एक बुजुर्ग की जमीनी विवाद के चलते हत्या कर दी गई। 65 वर्षीय भागीरथी सिंह को उनके पड़ोसियों ने घर से अगवा कर खेत में ले जाकर पत्थर से मार दिया। चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी के अनुसार घटना मंगलवार की शाम 7 से 8 बजे के बीच की है। भागीरथी सिंह जब अपने घर में थे, तभी उनके पड़ोसी गुट बनाकर आए और उन्हें जबरन उठाकर पास के खेत में ले गए। वहां विवाद के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग के सिर पर पत्थर से हमला किया। जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चितरंगी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें लक्षनधारी सिंह गौड़, दुधनाथ सिंह गौड़, अर्जुन उर्फ पिंटू सिंह गौड़ और देवनाथ सिंह गौड़ शामिल हैं। सभी आरोपी पड़रिया गांव के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक भागीरथी सिंह का आरोपियों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। चितरंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।।