मऊगंज के शराब तस्कर का ऑडियो वायरल, एसपी-कलेक्टर को धमकी
हम अशोक चौरसिया हैं, 46 मुकदमे पहले से दर्ज हैं,47 हो जाएगा, लेकिन झुकेगा नहीं

ऑपरेशन टाईम्स मऊगंज।। हम अशोक चौरसिया हैं। बहुत खतरनाक आदमी हैं। 46 मुकदमा पहले से दर्ज है। 47 हो जायेगा लेकिन झुकेगा नहीं। बता देना अपने एसपी-कलेक्टर से। उन्हें पाएंगे तो उनका भी गला काट देंगे। यह शब्द मऊगंज के शातिर शराब तस्कर अशोक चौरसिया के हैं। जो सोनू नाम के शराब कारोबारी से बात कर धमका रहा है। इसका ऑडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा है। जिन्होंने जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। हालांकि इस ऑडियो की पुष्टि ऑपरेशन टाईम्स नहीं करता है। वायरल ऑडियो में बात करने वाला व्यक्ति खुद का नाम अशोक चौरसिया बता रहा है। वह सोनू नाम के शख्स से बात कर रहा है और कह रहा है कि आबकारी आज उसके वाहन की तलाशी ली है। तलाशी तुम लोगों द्वारा कराई गई है। इसका खामियाजा भुगतना होगा। मऊगंज में मिलोगे तो सीधे बलि दे देंगे। इसके बाद वह एसपी व कलेक्टर मऊगंज के खिलाफ भी अनर्गल टिप्पणी करते हुये सुनाई दे रहा है। कह रहा है कि मेरी बातों को रिकार्ड कर लो। जिसे भेजना हो भेज दो। मेरा कोई कुछ नहीं कर पायेगा। अपने एसपी व कलेक्टर को भी यह ऑडियो भेज देना। तुम तो मऊगंज मिलोगे ही। हम वहीं बलि दे देंगे। अपने पिंटू चौरसिया को भी बता देना। मेरे सामने नहीं फंसेगा। औकात हो तो अब छापा मरवाकर दिखा देना। एसपी को पाएंगे तो उनका भी गला काट देंगे। धारा हत्या की ही लगेगी। चाहे तुम्हारा गला काटे या फिर एसपी का। इसके अलावा भी ऑडियो में कई अनर्गल व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया है। जिसे लिखा नहीं जा सकता।
कुछ दिन पुराना है ऑडियो—
दावा किया गया है कि यह ऑडियो कुछ दिन पुराना हो गया है। बात करने वाले दोनों शख्स पहले साथ में काम करते थे। नईगढ़ी कम्पोजिट दुकान में पार्टनर थे। लेकिन बाद में आपसी मतभेद के कारण पार्टनरशिप टूट गई। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। माना जा रहा है कि इसी वजह से अशोक चौरसिया अब पिंटू चौरसिया और सोनू को धमका रहा है। साथ में एसपी-कलेक्टर के लिये भी अनर्गल बातों का प्रयोग कर रहा है।
इनका कहना है—
जिस ऑडियो की बात की जा रही है वह फिलहाल हमारे संज्ञान में नहीं है। इस संबंध में जानकारी आने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही इस पूरे मामले में जो भी कसूरवार होगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रसना ठाकुर
एसपी मऊगंज